पुलिस स्मृति दिवस- 21 अक्टूबर
हर साल भारत में पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। पुलिसकर्मियों को उनकी सेवाओं और समर्पण के लिए याद करने की मंशाके साथ यह दिन देश की सेवा करते हुए शहीद पुलिस कर्मियों को समर्पित हैं जिन्होंने अपनी सेवा भावना को सर्वोपरि रखा है ।इस दिन के माध्यम से उनको श्रद्धांजलि दी जाती है, इस दिवस को पुलिस शहीद दिवस के नाम से भी जाना जाता है।
पुलिस स्मृति दिवस का इतिहास एवं पृष्ठभूमि
इस दिन का इतिहास 21 अक्टूबर, 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में सीआरपीएफ की एक टुकड़ी पर चीनी सेना द्वारा घात लगाकर किए गए कायराना हमले से शुरू होता है। इस हमले में सीआरपीएफ के 10 जवान शहीद हो गए थे। इनमें से 7 जवान सीआरपीएफ की तीसरी बटालियन के थे, जबकि 3 जवान अन्य राज्य पुलिस बलों के थे। घटना के तीन सप्ताह के बाद, 13 नवंबर, 1959 को चीनियों ने दस कर्मियों के शव लौटाए।
शहीद जवानों में से एक करम सिंह थे, जिन्हें इस हमले में नेतृत्व करते हुए शहीद हुए थे। करम सिंह को वीरता के लिए मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया गया था।
इस घटना के बाद, जनवरी 1960 में आयोजित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस महानिरीक्षकों के वार्षिक सम्मेलन में यह निर्णय लिया गया कि अब से 21 अक्टूबर को “पुलिस स्मृति दिवस” / पुलिस शहीद दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
पुलिस स्मृति दिवस का महत्व
पुलिस स्मृति दिवस एक महत्वपूर्ण दिन है जो हमें उन पुलिसकर्मियों को याद करते हुए स्मरण करने का अवसर देता है जिनके बलिदान से देश सी सुरक्षा और सम्मान बरकरार रहा है। देश की सेवा करते हुए उन लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी अगर विंदुवार हम समझे तो पुलिस स्मृति दिवस का महत्व और उद्देश्य को इस तरह से समझा जा सकता है-
श्रद्धांजलि: पुलिस स्मृति दिवस का सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य उन पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देना है जिन्होंने देश की सेवा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। इस दिन देश भर में पुलिसकर्मियों के लिए शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की जाती है और उन्हें श्रद्धांजलि दी जाती है।
स्मरण: पुलिस शहीद दिवस हमें उन पुलिसकर्मियों के त्याग और बलिदान को याद करने का मौका देता है जिन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। इस दिन पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद किया जाता है और उनकी वीरता का सम्मान किया जाता है।
सम्मान: पुलिस शहीद दिवस पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान बढ़ाने का भी एक अवसर है। इस दिन पुलिसकर्मियों के योगदान और बलिदान को याद किया जाता है। इससे लोगों में पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और आदर बढ़ता है।
कैसे मनाया जाता है?
इस साल, 21 अक्टूबर, 2023 को पुलिस स्मृति दिवस की 65वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। पुलिस शहीद दिवस पर मनाए जाने वाले कार्यक्रमों में शामिल हैं:
- पुलिसकर्मियों के लिए शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करना
- पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद करने के लिए समारोह आयोजित करना
- पुलिसकर्मियों के लिए भाषणों और लेखों का प्रकाशन
- पुलिसकर्मियों के लिए पुरस्कार और सम्मान प्रदान करना
- पुलिसकर्मियों के योगदान का जनता के सामने रखना
- पुलिसकर्मियों के बलिदान के महत्व को रेखांकित करना
कुछ महत्वपूर्ण तथ्य
पुलिस स्मृति दिवस से जुड़े तथ्य इस प्रकार हैंः
- जनता की देखभाल के लिए हमेशा तत्पर रहने के लिए पुलिस अधिकारियों के सम्मान में इस दिवस का आयोजन होता है।
- पुलिस स्मृति दिवस की स्थापना उन 10 पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ अन्य सभी पुलिस कर्मियों के बलिदान को पहचानने के लिए की गई थी, जिनकी ड्यूटी के दौरान मृत्यु हो गई थी।
- बलिदान को और अधिक मान्यता देने के लिए 1994 में दिल्ली में राष्ट्रीय पुलिस स्मारक (NPM) बनाने का निर्णय लिया गया था।
- 2012 से राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस परेड दिल्ली के चाणक्यपुरी में पुलिस स्मारक स्थल पर आयोजित की जाती रही है।
- अपने कर्तव्य के पालन में अनगिनत पुलिसकर्मियों द्वारा किए गए बलिदान की गवाही के रूप में नई दिल्ली के चाणक्यपुरी में एक राष्ट्रीय पुलिस स्मारक बनाया गया है।
- यह स्मारक पुलिस बलों को राष्ट्रीय पहचान, गौरव, उद्देश्य की एकता, सामान्य इतिहास और नियति की भावना देता है।
वीरता की दीवार
“वीरता की दीवार” पुलिस स्मारक स्थापित एक मूर्ति है जो लगभग 30 फीट ऊंची ग्रेनाइट की मूर्ति है, और इसमें 35,000 से अधिक उन शहीदों के नाम हैं, जिन्होंने कर्तव्य को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्म को जीवन से उपर रखा और अपने जीवन का बलिदान दिया । यह मूर्ति उनके कार्यों का सम्रण करते हुए उनकी वीरता और गौरव की याद दिलाती है।